सोलन नगर निगम में बहुमत भाजपा का, लेकिन सत्ता के दुरुपयोग से जनादेश हड़पना चाहती है कांग्रेस : राकेश जमवाल

Spread with love

लोकतंत्र की हत्या के लिए नियमों में संशोधन कर सरकारी मशीनरी का किया जा रहा दुरुपयोग

शिमला। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने और सत्ता के बल पर जनादेश को हाईजैक करने का गंभीर आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस सरकार सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग कर महापौर और उपमहापौर पद पर अनैतिक तरीके से कब्जा करने की साजिश रच रही है।

राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 23 जून को नियमों में संशोधन कर पूरी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया है।

पहले ऐसे मामलों में सुनवाई की एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया थी, जिसमें विभिन्न प्रशासनिक स्तरों से होकर मामला आगे बढ़ता था, लेकिन अब सरकार ने नियम बदलकर व्यापक अधिकार एक स्तर पर केंद्रित कर दिए हैं।

यह संशोधन केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भाजपा समर्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को निशाना बना रही है और उन्हें अयोग्य घोषित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बहुमत का गणित बदला जा सके।

उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई लोकतंत्र की भावना और जनता के जनादेश का खुला अपमान है।

जमवाल ने कहा कि सोलन नगर निगम में जनता ने स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है, लेकिन कांग्रेस सरकार प्रशासन पर दबाव डालकर, नियमों में बदलाव कर और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके इस जनादेश को पलटने का प्रयास कर रही है।

यह न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है बल्कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना संविधान, कानून और अपने विवेक के अनुसार कार्य करें। अधिकारियों की जिम्मेदारी सरकार नहीं, बल्कि कानून और लोकतंत्र के प्रति होती है।

राकेश जमवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस पूरे मामले में लोकतांत्रिक और कानूनी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार सत्ता के दुरुपयोग और जनादेश की चोरी का प्रयास जारी रखती है, तो भाजपा न्यायालय से लेकर जनता के बीच तक हर स्तर पर इसका विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को समय आने पर करारा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: