मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं : प्रतिभा सिंह

Spread with love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के मतभेद उजागर होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के एकतरफा फैसलों से देश में जनमत चोरी किया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा है कि देश में पहली बार किसी मुख्य चुनाव आयुक्त पर इस प्रकार के गंभीर आरोप लगना देश की चुनाव प्रणाली पर भी गंभीर चिंता की बात है।

प्रतिभा सिंह ने नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के बाद बताया कि बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पार्टी के नेताओं से देश के संविधान की रक्षा करने, लोकतंत्र में वोट चोरी जैसे महा अपराध को रोकने के लिये देशभर में एक बड़ा अभियान छेड़ने का आह्वान किया है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिये हर प्रकार के हथकंडे अपना रही है।

मीडिया में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग में मतभेद की खबरों व देश की चुनाव प्रक्रिया के साथ साथ मतदाता सूची का विशेष निरीक्षण, जिसके तहत अब तक देश के 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित कर दिया गया है।

ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नही है।

उन्होंने देश के नागरिकों के अधिकार का हनन किया है इसलिये उन पर देशद्रोह का मुकदमा भी चलाया जाना चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी ने देश को साफ संदेश दिया है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नही। इस महा अपराध के लिये भाजपा को भी देश से माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: