पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला सम्मेलन में सांसद ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
धर्मशाला। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित जिला सम्मेलन में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने राहुल गांधी के खटाखट पैसे देने के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने खटाखट पैसे देने की बात कही थी, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने पूरा सिस्टम ही खटारा करके रख दिया है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल की जनता कांग्रेस को फटाफट-फटाफट भगाने का काम करेगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मित्रों की मौज चल रही है, जबकि आम कर्मचारी और पेंशनर अपने हक के लिए इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताएं कर्मचारियों और पेंशनरों के बजाय अन्य लोगों को सुविधाएं देने की ओर हैं। प्रदेश पर कर्ज का बोझ भी लगातार बढ़ रहा है और करीब एक लाख दस हजार करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों का 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता और वर्ष 2016 के वित्तीय लाभ लंबित हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम सहित विभिन्न बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों के भी कई मामले लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि पूर्व कर्मचारियों का अधिकार और सम्मान है। भाजपा कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को लेकर उनके साथ खड़ी है और उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

सांसद ने कांग्रेस के चुनावी वादों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए गए थे। पांच लाख नौकरियां देने की बात कही गई थी, लेकिन आज युवा इसका जवाब मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल के वादों और कामकाज का हिसाब जनता को याद दिलाया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह रील बनाने वाले नेता हैं, रियल नेता नहीं।
उन्होंने राहुल गांधी के प्राथमिकी मामले को लेकर भी कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय गीत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर देश को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर लगातार नए कर और उपकर लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस सरकार पेट्रोल और डीजल के साथ सोनिया, राहुल और प्रियंका उपकर भी लगा दे तो आश्चर्य नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए काम करने वाली सरकार की जरूरत है। अनुराग ठाकुर ने कर्मचारियों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी और अधिकारी सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मेलन में रखी गई मांगों पर भाजपा केंद्र और प्रदेश में सरकार बनने पर काम करेगी।
पेंशन अधिकार है, खैरात नहीं : अनुराग
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पेंशनरों और पूर्व सैनिकों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। वन रैंक, वन पेंशन लागू करने के साथ पेंशन अदालतें शुरू की गईं।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और पेंशन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं से बुजुर्गों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के सम्मान और अधिकार से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा “अभी हाल में इन्होंने एक बार फिर से बहाने बनाते हुए पेट्रोल डीजल पर सेस बढ़ा दिया । अब तो ऐसा लगता है की बस राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के नाम पर टैक्स लगाना बाकी रह गया है मुझे लगता है कि सुक्खू जी की खाओ- पियो- मौज करो सरकार यह पुण्य काम कर ही देगी।
ये बूटकेस, लूटकेस और सूटकेस की सरकार है। बूटकेस है हिमाचल की जनता के लिए जो अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती है और इनके अधिकारी और प्रशासन उनका मुंह बंद करा देते हैं।
कितने मीडिया चैनल और सामाजिक कार्यकर्ता इनके बूटकेस का शिकार बने हैं। इनके राज में कानून व्यवस्था पाताल में चली गई है।
खुद कांग्रेस अध्यक्ष के क्षेत्र में ही इतनी लूटपाट हो रही है कि बढ़ती चोरियों, अवैध खनन, बेलगाम टिप्परों और वन माफिया से आम जनता त्रस्त है।
अब हिमाचल की जनता ने भी तय कर लिया है कि इन काँग्रेसियों ने जिस तरह प्रदेश को लूटकर खोखला कर दिया, हमारा खजाना खाली कर दिया। इनका हिसाब जरूर होगा।
कांग्रेस ने हमारे सरकारी कर्मचारियों के साथ, युवाओं के साथ, महिलाओं के साथ, गरीब, किसान, मजदूर के साथ धोखाधड़ी की, इस सबका फैसला अब जनता अपने वोट से करेगी।
