शिमला। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित भव्य Everest Summiteers Summit Event 2026 ने पूरी दुनिया के पर्वतारोहियों, साहसिक यात्राओं के शौकीन, पर्यावरण कार्यकर्ताओं और हिमालयन समुदायों को एक मंच पर जोड़ दिया।

यह सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय माउंटेनियरिंग इवेंट नहीं था, बल्कि साहस, संघर्ष, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और मानव एकता का एक प्रेरणादायक उत्सव बन गया।
अलग-अलग देशों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए पर्वतारोहियों का एक ही लक्ष्य था, आगे बढ़ना, ऊंचाइयों को छूना और अपने संघर्ष की कहानी दुनिया के साथ साझा करना।

दुनिया भर से आए 200 से अधिक और 26 देशों के पर्वतारोहियों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
अंतरराष्ट्रीय वैश्विक ब्रांड Pelliot Global द्वारा साझा किया गया संदेश “For every courage to rise: Together, We Climb Higher” पूरे आयोजन की भावना को दर्शाता है।
यह आयोजन सिर्फ उन लोगों का सम्मान नहीं था जिन्होंने समिट हासिल किया, बल्कि उन सभी पर्वतारोहियों के संघर्ष, समर्पण और साहस का सम्मान था जिन्होंने हर कदम पर कठिनाइयों का सामना किया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन एवेरेस्ट अलायन्स नेपाल द्वारा किया गया, जहां जलवायु परिवर्तन जागरूकता, ग्लेशियर संरक्षण और सतत पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा हुई।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि हिमालय सिर्फ पर्वतारोहियों की पहचान नहीं, बल्कि पूरी मानवता की धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की पर्वतारोहण में बढ़ती भूमिका, साहसिक खेलों की महत्व और सतत पर्यटन को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। नेपाल ने पूरी दुनिया को यह दिखाया कि साहसिक पर्यटन और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व साथ-साथ चल सकते हैं।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय पर्वतारोही अमित नेगी दूसरी बार विशेष रूप से आमंत्रित किए गए और उन्होंने कंट्री स्टेट रिप्रेजेंटेटिव के रूप में इस कार्यक्रम में भाग लिया। यह पूरे हिमाचल प्रदेश, किन्नौर और भारत के लिए गर्व का पल बन गया।
छोटे से खूबसूरत गांव बतसेरी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले अमित नेगी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बड़े सपने किसी बड़े शहर से नहीं, बल्कि बड़े हौसलों से पूरे होते हैं।
उनकी उपलब्धियां, वर्षों के कठिन संघर्ष और भारतीय एवं जनजातीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के योगदान के लिए उन्हें नेपाल के राष्ट्रपति एवं पर्यटन मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया। यह पल उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हिमालय और भारत के लिए भावुक और गर्व का क्षण था।
कार्यक्रम के दौरान अमित नेगी ने अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों, चीनी मीडिया और वैश्विक एडवेंचर ब्रांड्स के साथ भी बातचीत की। उन्होंने अपने संघर्ष, माउंट एवरेस्ट यात्रा, हिमालयन संस्कृति और युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश साझा किए।
अमित नेगी ने कहा “मैं नेपाल टूरिज्म, एवेरेस्ट अलायन्स नेपाल और पूरी आयोजन टीम का दिल से धन्यवाद करता हूं। नेपाल साहसिक पर्वतारोहण, पर्यावरण जागरूकता और सतत पर्यटन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है। जिस तरह यहां पर्वतारोहियों और संस्कृति को सम्मान दिया जाता है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।”
उन्होंने आगे कहा “यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं, बल्कि मेरे हिमालय, मेरी संस्कृति, मेरे गांव और उन सभी युवाओं का सम्मान है जो बड़े सपने देखने की हिम्मत रखते हैं।”
अमित नेगी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा “एडवेंचर लाइफ अपनाइए और बुरी आदतों से दूर रहिए। मेहनत, अनुशासन और जुनून ही इंसान को असली ऊंचाई तक पहुंचाते हैं।”
आज Everest Summiteers Summit Event 2026 ने एक बार फिर दुनिया को यह संदेश दिया कि जब लोग एक साथ आगे बढ़ते हैं, तब हर ऊंचाई छोटी लगने लगती है।
