प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों के लिए 123 करोड़ देने के लिए राजीव बिंदल ने जगत प्रकाश नड्डा का जताया आभार

Spread with love

शिमला। डाॅ राजीव बिन्दल, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उर्वरक एवं रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रवास के दौरान हिमाचल को दी गई अनेक सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया है।

डाॅ बिन्दल ने मोदी सरकार का इस बात के लिए भी धन्यवाद किया कि उन्होंने दीपावली से पहले प्रदेश की सरकार को 843 करोड़ रू उपलब्ध करवाए।

पिछले महीने प्रधानमंत्री हिमाचल आये थे और आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ देकर हिमाचलवासियों को राहत प्रदान की थी।

उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र को जो देन नड्डा ने दी है, वह प्रदेश की जनता के लिए बहुत बड़ी राहत है।

ऑल इंडिया इंस्टीच्यूट ऑफ मैडिकल र्साइंसिज जैसे चिकित्सा संस्थान का हिमाचल में स्थापित हो जाना और छोटी सी समयावधि में सुपर स्पेशियल्टी चिकित्सा सुविधाएं सुसज्जित करके जनता को सुविधा मुहैया करवा देना, यह असंभव को संभव कर देने के बराबर है।

लगभग 2500 करोड़ व्यय करके नित्य प्रति इस संस्थान की चिंता करते हुए आज उसे राष्ट्रीय मानकों के उपर खड़ा कर दिया है। आए दिन नई-नई सुपर स्पेशेलाईजेशन शुरू की जा रही है।

डाॅ बिन्दल ने प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों एवं मातृ एवं शिशु अस्पतालों के लिए 123 करोड़ देने के लिए जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद किया।

उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली के ऊपर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि आयुष्मान भारत जो गरीबों के लिए बेहतरीन योजना है, उसका लाभ हिमाचल के मरीजों को सही तरीके से नहीं मिल रहा है।

प्रदेश की सरकार ने हिमकेयर योजना को बंद करके गरीब व्यक्तियों पर जो कुठाराघात किया है, वह निंदनीय है।

डाॅ बिन्दल ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पूर्व में भी मातृ एवं शिशु अस्पतालों, कैंसर के अस्पतालों व मैडिकल काॅलेज व अस्पतालों के निर्माण के लिए भारी भरकम राशियां प्रदेश की सरकार को दी है परन्तु उसका सही उपयोग जनहित में प्रदेश की सरकार नहीं कर रही है।

नाहन मैडिकल काॅलेज के निर्माण के लिए 261 करोड़, मातृ-शिशु अस्पताल के निर्माण के लिए 21 करोड़ और नर्सिंग काॅलेज के निर्माण के लिए 75 करोड़ की स्वीकृतियां पूर्व में दी गई हैं परन्तु सभी काम बंद कर दिए गए हैं। यह प्रदेश के गरीब मरीजों के साथ अन्याय है और भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: