शिमला। वन्य प्राणी प्रभाग, वन विभाग ने हिमाचल प्रदेश जू एण्ड कंजर्वेशन ब्रीडिंग सोसाइटी की कार्यकारी समिति की दूसरी बैठक का आयोजन राजीव कुमार प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी प्रभाग की अध्यक्षता में होटल हॉलडे होम शिमला में किया।
बैठक में राज्य के चिडियाघरों को सुदृिढ़ करने का फैसला लिया गया और वन्य प्राणी प्रभाग द्वारा सोसाईटी के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। अनिल ठाकुर अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं सीईओ हिमाचल प्रदेश जू एण्ड कंजर्वेशन ब्रीडिंग सोसाइटी ने वन्य प्राणी प्रभाग में चल रहे कार्यों का विवरण बैठक में प्रस्तुत किया।

बैठक में प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी प्रभाग ने सोसाईटी के अर्न्तगत किये जा रहे कार्यों को समयबद्ध करने के साथ -साथ सुक्खविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार कांगड़ा जिला में एक बड़ा चिढियाघर बनाने बारे भी चर्चा की गई।
राजीव कुमार ने मुख्य अरण्यपाल धर्मशाला एवं वनमंण्डलाधिकारी हमीरपुर को इस नए चिडियाघर के निर्माण के लिए चिन्हित स्थान पर जानवरों के बाड़े व पर्यटकों की सुविधा के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य अरण्यपाल शिमला, धर्मशाला एवं शमशी, वन मण्डल अधिकारी वन्य प्राणी शिमला, हमीरपुर, कुल्लू, चम्बा एवं सराहन ने पिछले किए गए कार्यों का ब्यौरा दिया साथ ही आने वाले वर्ष की कार्य योजना के बारे मे अवगत करवाया।
बैठक में अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल अनिल ठाकुर, मुख्य अरण्यपाल धर्मशाला उपासना पटियाल, मुख्य अरण्यपाल शमशी मीरा शर्मा, मुख्य अरण्यपाल शिमला के थिरूमल, वन मण्डलाधिकारी रविशंकर, आर रॉयस्टन, अशोक नेगी, सरोज वर्मा, वेटनरी अधिकारी कर्ण सेहगल एवं सहायक अरण्यपाल कुल्लू राजेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।
