विशाल मेगामार्ट वर्करज़ यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कानूनों को लागू करने व अन्य मांगों को लेकर विशाल मेगामार्ट स्टोर के बाहर किया प्रदर्शन

Spread with love

शिमला। विशाल मेगामार्ट वर्करज़ यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कानूनों को लागू करने व अन्य मांगों को लेकर विशाल मेगामार्ट स्टोर छोटा शिमला के बाहर लगभग दो घंटे प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्टोर के लगभग सभी कर्मचारी शामिल रहे।

इसके बाद यूनियन ने प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा व मांगों के समाधान की मांग की। प्रबंधन ने मांगों के समाधान का आश्वासन दिया है। यूनियन ने चेताया है कि अगर मांगों का समाधान न हुआ तो आंदोलन तेज होगा।

मज़दूरों की मांगों व मजदूर विरोधी चार लेबर कोड के खिलाफ 12 फरवरी को विशाल मेगामार्ट के मजदूर हड़ताल करेंगे व कार्य पूरी तरह ठप्प करेंगे।

प्रदर्शन को सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, जिला सचिव विवेक कश्यप, रामप्रकाश, यूनियन अध्यक्ष प्रेम कुमार, महासचिव हनी बैंस, राकेश रवि आदि ने संबोधित किया।

उन्होंने प्रबंधन पर श्रम कानूनों की अवहेलना का आरोप लगाया। उन्होंने श्रम कार्यालय व प्रदेश सरकार की भूमिका पर भी प्रश्न खड़े किए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार सचिवालय व प्रदेश के श्रमायुक्त कार्यालय के बिल्कुल नजदीक स्थित विशाल मेगामार्ट स्टोर में श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ रही हैं परंतु ये दोनों मौन हैं।

उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए विशाल मेगामार्ट में हाउस किपिंग सहित कार्यरत सभी मज़दूरों को एक अप्रैल 2026 से वेतन में 25 प्रतिशत की बढ़ौतरी दी जाए। मज़दूरों को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत किया जाए व श्रेणी के अनुसार काम दिया जाए।

मज़दूरों को हर महीने सैलरी स्लिप दी जाए तथा हाउस किपिंग में कार्यरत मजदूरों को भी प्रति माह सैलरी स्लिप दी जाए। जिन मज़दूरों के ईपीएफ में त्रुटियां हैं उन्हें तुरन्त ठीक किया जाए।

सभी मजदूरों को श्रम विभाग द्वारा सत्यापित आई कार्ड दिए जाएं। मज़दूरों के साथ हाउस किपिंग के मजदूरों को बोनस एक्ट 1965 के अनुसार बोनस दिया जाए। हाउस किपिंग सहित सभी मज़दूरों को अतिरिक्त काम का अतिरिक्त भुगतान किया जाए। वर्ष 2023 की दिवाली के अतिरिक्त कार्य का डबल भुगतान किया जाए।

मजदूरों को राष्ट्रीय व त्यौहार अवकाश सहित सभी छुट्टियां दी जाएं जिसमें ईएल., सीएल व मेडिकल छुट्टियां शामिल हैं। सभी मजदूरों से पद के अनुसार कार्य लिया जाए। मज़दूरों से 8 घंटे काम लिया जाए व 8 घंटे के अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान किया जाए।

मज़दूरों के हाऊस रेन्ट में दर्शाया गया पैसा मूल वेतन में जोड़ा जाए। मजदूरों को स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाए तथा एक्वागार्ड लगाया जाए।

हाउस किपिंग सहित सभी मज़दूरों के लिए रेस्ट रूम की व्यवस्था की जाए व उन्हें खाना गरम करने व बैठ कर खना खाने की व्यवस्था प्रदान की जाए।

विशाल मेगामार्ट में तत्काल प्रभाव से दवाईयों सहित फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था की जाए। मज़दूरों को खरीद पर छूट की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: