विधानसभा अध्यक्ष से मिला हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम लेबर सप्लाई मेट यूनियन का प्रतिनिधिमण्डल

Spread with love

शिमला। आज हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के लेबर सप्लाई मेट यूनियन का एक प्रतिनिधिमण्डल प्रधान अनिल कुमार सूद की अध्यक्षता में हि प्र विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से 1 बजे उनके कार्यालय कक्ष में मिला।

प्रतिनिधिमण्डल द्वारा एक ज्ञापन के माध्यम से विधान सभा अध्यक्ष को वन निगम द्वारा लिए जा रहे एकतरफा निर्णयों व शर्तों से हिप्र राज्य वन निगम लेबर सप्लाई मेट यूनियन को होने जा रही परेशानियों बारे अवगत करवाया तथा उनकी समस्याओं व मांगो का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।

निगम के पदाधिकारियों द्वारा अपनी मांगो बारे विधान सभा अध्यक्ष को अवगत करवाते हुए कहा कि वन निगम द्वारा थोपी गई कठोर शर्तों के कारण कोई भी लेबर सप्लाई मेट सरकारी लॉट पर काम करने को तैयार नहीं है। यूनियन ने मांग की है कि इन नई शर्तों को तुरन्त समाप्त कर वर्ष 2017-2018 से पहले वाली शर्तों को बहाल किया जाए।

काम बंद होने के कारण वन निगम डिपुओं में लकड़ी की कमी हो गई है इससे न केवल लकड़ी की बिक्री कम हुई है अपितु सरकार को मिलने वाली करोड़ो रूपये के राजस्व को भी भारी नुकसान हो रहा है।

विधान सभा अध्यक्ष को अवगत करवाते हुए यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि नई निति से मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। जंगलों में कटान, ढुलान तथा चिरान के काम पर हजारों हिमाचली मजदूर और उनके परिवार निर्भर हैं।

यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इन मजदूरों के घरों में रोजी-रोटी का संकट आ जाएगा।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रतिनिधिमण्डल को उनकी मांगो पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया तथा इसी सत्र के दौरान सक्षम अधिकारियों तथा मुख्यमंत्री से बात कर इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने बारे भी आश्वस्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: