उपायुक्त कांगड़ा ने बज्रेश्वरी घाट निर्माण कार्य और आंगनवाड़ी भवन कार्य का किया निरीक्षण

Spread with love

कांगड़ा। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा कांगड़ा उपमंडल में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल भी मौजूद रहे।

उपायुक्त कांगड़ा सर्वप्रथम बनेड़ खड्ड पर बन रहे बज्रेश्वरी घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण करने कार्य स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने समस्त कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को इस कार्य को अगले माह तक पूरा करने के निर्देश जारी किए।

घाट के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि यह घाट बज्रेश्वरी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।

यहां पर हरिद्वार की तरह संध्या आरती विशेष रूप से सभी को आकर्षित करेगी। इसके अतिरिक्त इस घाट पर भव्य स्टेज, चेंजिंग रूम, भव्य द्वार, पार्क, रोशनी और शौचालय जैसी सभी सुविधाएं होंगी।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी के क्षेत्र में इस घाट का निर्माण बहुत आकर्षक होगा। उन्होंने इस घाट के निर्माण कार्य के लिए आगे आने वाले सभी दानी सज्जनों को भी इस कार्य के लिए बधाई दी।

उपायुक्त कांगड़ा इसके बाद ओबीसी कार्यालय के साथ बना रहे आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करने भी पहुंचे और उन्होंने इस कार्य को जल्द पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।

उपायुक्त कांगड़ा इसके बाद संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह के लिए बनाए गए बिक्री केंद्र हिमइरा शॉप का उद्घाटन किया और उन्हें बधाई दी।

इस शॉप के निर्माण पर लगभग 1.7 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है। उन्होंने एसडीएम कांगड़ा और अधिकारियों की इस कार्य के लिए प्रशंसा की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्हें अपनी आय बढ़ाने के बारे में विभिन्न जानकारियां दीं।

उन्होंने बताया कि किस तरह उनके लिए लोन की सुविधा लाभकारी है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह को ऐसे कार्यों का चयन करना चाहिए जो लंबे समय तक उनकी आय के साधन बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: