शिमला। भारत की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज शिमला में भव्य प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा का शुभारंभ सीटीओ, शिमला से हुआ और यह नाज़ चौक, लोअर बाज़ार, मॉल रोड होते हुए द रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने किया।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
हर घर तिरंगा अभियान से राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का आह्वान, संसद का गतिरोध समाप्त कर जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने दे विपक्ष : सुरेश कश्यप
इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और मातृभूमि के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है, जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है तथा प्रत्येक नागरिक से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
संसद के मानसून सत्र का उल्लेख करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कारण संसद का कामकाज लगातार बाधित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर के सांसद अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, विकास कार्यों, प्राकृतिक आपदाओं और जनसमस्याओं को संसद में उठाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण संसद का बहुमूल्य समय नष्ट हो रहा है।
उन्होंने कहा कि संसद चलने से ही देशहित के विधेयकों पर चर्चा होगी और जनता से जुड़े विषयों का समाधान निकलेगा। उन्होंने कांग्रेस से संसद को सुचारु रूप से चलने देने की अपील की।
तिरंगा केवल ध्वज नहीं, देश की अस्मिता और करोड़ों बलिदानों का प्रतीक : जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान ने देशभर में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रत्येक जिला और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो।
जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को आगामी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
