एमएसएमई फ़ेस्ट 2026 : शिमला के रिज मैदान पर गीत- संगीत का धमाल, पंजाबी गायक गैरी संधू होंगे मुख्य आकर्षण

Spread with love

शिमला। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर एक बार फिर संगीत और संस्कृति की गूंज सुनाई देगी। हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग की ओर से 3 जनवरी से 5 जनवरी तक आयोजित होने वाले एमएसएमई फ़ेस्ट–2026 में जहां प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को मंच मिलेगा, वहीं हर शाम स्टार म्यूजिक नाइट्, उद्यमियों, निवेशकों, युवाओं और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनेंगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग ) आरडी नजीम ने बताया कि यह फ़ेस्ट ‘लोकल से ग्लोबल’ की सोच को मजबूती देते हुए उद्यमिता, नवाचार और संस्कृति का अनूठा संगम पेश करेगा।

स्टार नाइट्स का रंगीन कैलेंडर

3 जनवरी को एमएसएमई फ़ेस्ट की शुरुआत के रोज लोकप्रिय पंजाबी गायक गैरी संधू पंजाबी गीतों के साथ धमाल मचाएंगे। गैरी संधू पहली स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण होंगे।


इसी रोज दिल्ली में रहने वाले चंबा के मशहूर लोक गायक पीयूष राज अपनी मखमली आवाज में लोक संगीत का जादू बिखेंगे। इसके अतिरिक्त सिरमौर, हमीरपुर, मंडी और चंबा के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे।

4 जनवरी को संगीत प्रेमियों के लिए डबल डोज़ रहेगा। इस दिन स्टेट गेस्ट हाउस ‘पीटरहॉफ़’ में गजल गायक सुरेन्द्र खान गजलों से समां बांधेंगे, जबकि रिज मैदान पर पहाड़ी गायक और दो गायिकाएं अपने सुरों से पहाड़ की आत्मा को मंच पर उतारेंगे।

कांगड़ा से संबंध रखने वाले इंडियन आइडल फेम नितिन, सौरभ अत्री (वॉइस ऑफ़ शिमला) शिमला के लोकगायक हेमंत शर्मा, लोकगायिका गीता भारद्वाज, जतिन कुमार और ज्योति अपनी दमदार प्रस्तुतियों से एमएसएमई फ़ेस्ट की शाम को यादगार बनाएंगे। इसके अतिरिक्त किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा और शिमला के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे।
उद्यमिता का उत्सव

एमएसएमई फ़ेस्ट 2026 केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश भर के उद्यमियों, स्टार्टअप्स को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। हस्तशिल्प, हैंडलूम, फूड प्रोसेसिंग, एग्री बेस्ड इनोवेशन और टेक स्टार्टअप्स की झलक देखने को मिलेगी।


उद्योग निदेशक डॉ युनूस ने बताया कि उद्योग विभाग का उद्देश्य युवाओं को स्वरोज़गार के लिए प्रेरित करना, स्थानीय उत्पादों को बाज़ार से जोड़ना और निवेश के नए अवसर सृजित करना है। कार्यशालाएं, मार्गदर्शन सत्र और नेटवर्किंग मीट्स के जरिए उद्यमियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का मौका मिलेगा।

शिमला की सर्दी, संगीत की गर्माहट

जनवरी की ठिठुरन में जब रिज पर संगीत गूंजेगा, तो शिमला की सर्द रातें उत्साह और उमंग से भर उठेंगी। स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और युवाओं को मंच देने की यह पहल हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक ताकत को नई उड़ान देगी।

एमएसएमई फ़ेस्ट 2026 का संदेश है कि उद्यमिता ही आत्मनिर्भरता की कुंजी है। जब संस्कृति व संगीत साथ हों, तो यह यात्रा और भी प्रेरक बन जाती है। शिमला के रिज पर सजे इस उत्सव में हिमाचल प्रदेश का हुनर, युवाओं का जोश और संगीत की मिठास, तीनों एक साथ दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: