कल स्वदेश लौटेंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, कहा, यह दौरा रहा कई स्मृतियों से भरपूर व ज्ञानवर्धक

Spread with love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया नॉर्वे की राजधानी ओसलो से दुबई होते हुए कल 3 अक्तूबर को स्वदेश लौटेंगे।

गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष 13 सितम्बर से विदेश दौरे पर रहे। इस दौरान पठानिया ने 14 से 17 सितम्बर तक दक्षिण अफ्रीका की विधायी राजधानी कैपटाऊन में आयोजित 69वें राष्ट्रमण्डल अन्तर्राष्ट्रीय संसदीय सम्मेलन में भाग लिया तथा कई महत्वपूर्ण विषयों पर बतौर स्टार स्पीकर अपने उदबोधन दिए।

उसके पश्चात पठानिया 3 स्कैंडिनेवियन देशों क्रमश: इटली, फिनलैंड तथा नॉर्वे के अधिकारिक अध्ययन प्रवास पर रहे जहाँ उन्होंने भारतीय दूतावास, भारतीय समुदाय के लोगों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ कई महत्वपूर्ण विषयेां पर चर्चा की तथा भारत व प्रदेश हित में पर्यटन से जुड़े विषयों पर भी स्थानीय अधिकारियों तथा उद्योगपतियों से मुलाकात कर तुलनात्मक अध्ययन किया ।

पठानियां अपने विदेश दौरे के समापन पर नॉर्वे की राजधानी ओसलो से दुबई होते हुए कल 3 अक्तूबर को चण्डीगढ़ पहॅुंचेंगे।

पठानिया का यह दौरा देश तथा प्रदेश के व्यापक हितों मे रहा जहाँ उन्होने पर्यटन विकास से सम्बन्धित अपने विदेश दौरे में शामिल देशों में गहन अध्ययन किया, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौजूद सांस्कृतिक तथा धार्मिक पर्यटन का भी संवाद के दौरान विशेष उल्लेख किया।

पठानिया ने अपने संवाद के दौरान हिमाचल उत्पादों विशेषकर चम्बा रूमाल, हिमाचली टोपी तथा शॉल का भी जिक्र किया जिसे प्रधानमंत्री भी अपने विदेश दौरों के दौरान प्रमुखता से दिखाने का प्रयास करते हैं।

पठानिया ने कहा कि वह इस दौरे की कई स्मृतियों के साथ स्वदेश लौटे हैं जिसका अनुभव वह हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ सांझा करेंगे तथा विशेषकर पर्यटन की दृष्टि से हिमाचल के परिपेक्ष्य में इसके हितकारी पहलुओं पर गम्भीरता से चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: