आपने 30 साल कांग्रेस और 17 साल भाजपा को दिए, आपसे मैं केवल पांच साल मांग रहा हूं, अगली बार मेरा काम, वोट मांगेगा : अरविंद केजरीवाल

Spread with love

कांगड़ा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता कह रही है कि भाजपा और कांग्रेस को देख लिया। दोनों ने हिमाचल को लूटा लिया, अब आम आदमी पार्टी को एक मौका देंगे।

उन्होंने आह्वान किया कि जैसे दिल्ली और पंजाब के लोगों ने सारी पार्टियों व नेताओं को उखाड़कर फेंक दिया और आम आदमी के हाथ में सरकार दे दी, इस बार आप लोग भी आम आदमी के हाथ में सरकार दे दो। मेरे को स्कूल, अस्पताल, सड़कें बनाने और बिजली, पानी व रोजगार देने आता है।

मेरे को राजनीति करनी नहीं आती है। अगर आपको राजनीति चाहिए, तो इनके पास चले जाना और विकास चाहिए तो मेरे पास आ जाना। आपने 30 साल कांग्रेस और 17 साल भाजपा को दिए। आपसे मैं केवल पांच साल मांग रहा हूं। अगली बार मेरा काम वोट मांगेगा।

दिल्ली वालों से मैंने यही कहा था कि मैंने पांच साल काम किया है, तो मेरे को वोट देना और दिल्ली वालों ने मेरे को 70 में से 62 सीट दे दी। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग हिमाचल प्रदेश और गुजरात में आम आदमी से बुरी तरह से डरे हुए हैं और चुनाव जल्दी कराना चाहते हैं। लेकिन आप चिंता ना करो और सारे जने इकट्ठे हो जाओ। इस बार सत्ता आम आदमी के हाथ में आनी चाहिए।

हिमाचल प्रदेश में आज जितनी समस्याएं हैं, वो भाजपा और कांग्रेस की वजह से

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज हिमाचल प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित किया। कांगड़ा के चंबी ग्राउंड में आयोजित जनसभा में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सुनने के लिए भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा।

जनसभा को संबोधित करते हुए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब भगवान दुनिया बना रहा था, तो पूरी दुनिया में उसने खूबसूरत जगह हिमाचल प्रदेश बनाई। भगवान ने हिमाचल प्रदेश को दिल खोल कर दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

इतने सारे पहाड़, नदियां, जड़ी-बूटी, फल-फूल, पेड़-पौधे और इतने अच्छे लोग दिए। भगवान ने अपनी तरफ से हिमाचल प्रदेश को देने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन कांग्रेस और बीजेपी वालों ने हिमाचल प्रदेश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। 30 साल तक हिमाचल प्रदेश पर कांग्रेस ने और 17 साल तक भाजपा ने राज किया।

आज हिमाचल प्रदेश में जितनी समस्याएं हैं और जो हालात हैं वो इन दोनों पार्टियों की वजह से है। मैं पिछले कुछ दिनों से देख रहा हूं कि यह दोनों पार्टियां मिलकर मेरे को खूब गालियां दे रही हैं। मैंने थोड़ी हिमाचल प्रदेश को लूट लिया, लूटा तो तुम लोगों ने है। मेरा क्या कसूर है। दोनों पार्टियों ने मिलकर हिमाचल प्रदेश को लूट लिया और केजरीवाल को गालियां दे रहे हैं। नड्डा साहब और अनुराग ठाकुर अपने पूरे भाषण में मेरे को गालियां देते रहते हैं।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कल बहुत ही दिलचस्प हुआ। हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया। वे कहते हैं कि केजरीवाल जी, हिमाचल में दिल्ली मॉडल नहीं चलेगा। दिल्ली मॉडल क्या है? दिल्ली मॉडल का मतलब ईमानदार सरकार। मैं हिमाचल की जनता से पूछना चाहता हूं कि आपको हिमाचल प्रदेश को ईमानदार सरकार चाहिए या नहीं चाहिए।

पहले दिल्ली में प्राइवेट स्कूल वाले जब मर्जी होता था, फीस बढ़ा देते थे, लेकिन पिछले सात साल से हम लोगों ने फीस नहीं बढ़ाने दी

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने हमको एक मौका दिया। दिल्ली के अंदर हमने बहुत सारे काम किए हैं। दिल्ली में हमने इतने शानदार सरकारी स्कूल कर दिए और यहां के लोगों ने हमने कहा कि इन लोगों ने हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क कर दिया है।

मैं हिमाचल प्रदेश की सारी जनता का को आमंत्रित करता हूं कि आप दिल्ली में आइए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी आमंत्रित करता हूं। आप सब लोग दिल्ली आइए और हमारे सरकारी स्कूल देखिए कि हम लोगों ने कितने शानदार बना दिए।

हमारी सरकार से पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों का भी बहुत बुरा हाल था। कोई अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में भेजने भेजने को राजी नहीं था गरीब आदमी मजबूरी में अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजता था। पांच साल में हमने इतने शानदार सरकारी स्कूल बना दिए कि इस साल दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बोर्ड पेपर के नतीजे 99.7 फीसद आए हैं।

वहीं, दूसरी पार्टी वालों के राज्यों में बोर्ड के नतीजे 40, 50 या 60 फीसद आते हैं। इस साल दिल्ली में करीब चार लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूल से अपने नाम कटवा कर सरकारी स्कूल में लिखवाए हैं। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश की जनता से कहा कि केवल आम आदमी पार्टी को सरकारी स्कूल शानदार करने आता है।

पहले दिल्ली में प्राइवेट स्कूल वालों ने गुंडागर्दी मचा रखी थी। जब मर्जी होता था, फीस बढ़ा देते थे। लेकिन हम लोगों ने पिछले सात साल से दिल्ली में प्राइवेट स्कूल वालों को फीस नहीं बढ़ाने दी। दिल्ली में हम लोगों ने सरकारी अस्पतालों को शानदार कर दिए। पहले सरकारी अस्पतालों का बुरा हाल होता था।

हम लोगों ने जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बना दिए। दिल्ली में दो करोड़ लोग रहते हैं। हम हर आदमी को पूरा इलाज फ्री दे रहे हैं। दवाइयां और टेस्ट सबकुछ फ्री है। आपके घर में अगर किसी का किडनी या लिवर ट्रांसप्लांट होना है और उसमें 40 से 50 लाख का भी खर्च आएगा, तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। उसका सारा खर्चा दिल्ली सरकार देती है। हिमाचल प्रदेश में ऐसा केवल आम आदमी पार्टी ही कर सकती है।

पूरी दुनिया में केवल दिल्ली में ऐसा हो रहा है कि किसी को अपना काम करवाने के लिए सरकारी दफ्तर नहीं जाना पड़ता है, अफसर खुद घर आता है और काम करके जाता है

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह कि दिल्ली के अंदर हम लोगों ने घूसखोरी, रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। मुझे पता चला है कि आप लोगों सरकारी काम कराने के लिए कई-कई किलोमीटर तक जाना पड़ता है। दिल्ली में हमने इंतजाम कर दिया है।

हमने लोगों को 1076 फोन नंबर दे दिया है। इस नंबर पर आप कॉल कर बोलो कि मेरे को जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड बनवाना है या बिजली का कनेक्शन चाहिए, तो सरकारी दफ्तर से कोई अफसर आपके घर आता है और आपका काम करके जाता है, आपको दफ्तर जाने की कोई जरूरत नहीं है।

पूरी दुनिया में केवल दिल्ली में ऐसा हो रहा है। ऐसा हिमाचल प्रदेश में भी होना चाहिए। हम दिल्ली के लोगों को फ्री में तीर्थ यात्रा कराकर ला रहे हैं। अयोध्या लेकर जा रहे हैं। यह केवल और केवल आम आदमी पार्टी सकती है। दूसरी पार्टी वाले तो सारा पैसा खा जाते हैं। अब हमारी पंजाब में भी सरकार बनी है।

पंजाब में भी हमने भ्रष्टाचार पूरी तरह सेखत्म कर दिया है। आप किसी से भी फोन करके पूछ सकते हैं। ‘आप’ की सरकार ने पंजाब भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म कर दिया है। पंजाब में हमने 300 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी है और 25 हजार सरकारी नौकरियां निकाली हैं।

दिल्ली में मैंने पांच साल में 12 लाख बच्चों को नौकरियां दिलाई है। मेरे को पता चला कि जयराम ठाकुर जी ने एक भी नौकरी नहीं दी है। भाजपा वालों ने एक भी नौकरी नहीं दी और मैंने 5 साल में 12 लाख नौकरियां दी हैं और मैंने अगले पांच साल में 20 लाख नौकरी देने का वादा किया है।

125 यूनिट फ्री बिजली का वादा दिल्ली सरकार की नकल लेकिन वह भी सिर्फ चुनाव तक

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जयराम को पता चला कि मैं कांगड़ा आने वाला हूं, तो मेरे आने से पहले उन्होंने एलान किया कि 125 यूनिट बिजली फ्री करेंगे। मैंने कहा, अगर आप हिमाचल में 125 यूनिट बिजली फ्री करोगे, तो मध्यप्रदेश में भी आपकी सरकार है, वहां भी करो।

गुजरात में भी आपकी सरकार है, वहां भी करो। हरियाणा में भी सरकार है, वहां भी करो।

भाजपा और कांग्रेस के सभी अच्छे लोग अपनी पार्टी छोड़ आम आदमी पार्टी में आ जाओ, हम सब मिलकर नया हिमाचल प्रदेश बनाएंगे : अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी, कांग्रेसी और हिमाचल प्रदेश की दूसरी पार्टियों में कुछ अच्छे लोग भी हैं, सारे खराब नहीं हैं। कुछ अच्छे लोग हैं। वे अपनी पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। अब हिमाचल प्रदेश को नया हिमाचल प्रदेश बनाने का समय आ गया है। हिमाचल प्रदेश को बदलने का समय आ गया है।

भाजपा और कांग्रेस में जितने भी अच्छे लोग हैं, उन सभी से अपील करना चाहता हूं कि आप अपनी-अपनी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में आ जाओ और हम सब मिलकर नया हिमाचल प्रदेश बनाएंगे।

हिमाचल प्रदेश के लोग बहुत अच्छे हैं। लोग इमानदार हैं, मेहनतकश और सीधे-साधे हैं, लेकिन ये नेता और पार्टियां खराब है। इन्होंने हिमाचल प्रदेश को लूट लिया। जैसे दिल्ली वालों ने सारी पार्टियों और सारे नेताओं को उखाड़ कर फेंक दिया और आम आदमी के हाथ में सरकार दे दी। इस बार आप लोग भी आम आदमी को नेता बनाओ और आम आदमी के हाथ में सरकार दो।

मेरे को स्कूल, अस्पताल, सड़कें बनाने आती है। मेरे को बिजली देने आती है, रोजगार देने आती है, मेरे को राजनीति करने नहीं आती है। आपको राजनीति चाहिए तो इनके पास चले जाना और विकास चाहिए तो मेरे पास आ जाना। मैं पढ़ा-लिखा, ईमानदार और देशभक्त आदमी हूं। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार, कट्टर देशभक्त और सरीफों की पार्टी है, इनकी तरह नहीं है।

इस बार सब लोग मिल जाओ और जैसे दिल्ली और पंजाब के लोगों ने सत्ता पलट दी और आम आदमी के हाथ में सत्ता दे दी, उसी तरह इस बार हिमाचल प्रदेश के लोग भी एक मौका हमको को दे दो। आपने 30 साल कांग्रेस और 17 साल भाजपा को दिए, आपसे मैं केवल पांच साल मांग रहा हूं।

अगर काम नहीं करूं, तो अगली बार वोट मत देना। अगली बार मैं वोट मांगने नहीं आऊंगा। हमें एक मौका दे दो, अगली बार मेरा काम वोट मांगेगा। दिल्ली में दो साल पहले चुनाव हुए।

मैंने दिल्ली वालों से यही कहा था कि दिल्ली वालों अगर मैंने पांच साल काम किया है, तो मेरे को वोट देना। अगर मैंने काम नहीं किया है, तो मेरे को वोट मत देना। दिल्ली वालों ने मेरे को 70 में से 62 सीट दे दी। हिमाचल प्रदेश में भी आप पांच साल का एक मौका दे दो। अगली बार मैं आकर यही कहूंगा कि अगर मैंने काम नहीं किया है तो वोट मत देना और अगर मैंने काम किया है, तो मेरे को वोट देना। मेरे को लोगों ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में यह लोग आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से डरे हुए हैं।

हम तो छोटे लोग हैं। ये हमसे नहीं, जनता से डरे हुए हैं। इन्होंने तय किया है कि ये हिमाचल प्रदेश और गुजरात के चुनाव जल्दी कराएंगे। आप चिंता ना करो, सारे जने इकट्ठा हो जाओ। ये चाहे जून में कराएं, चाहे जुलाई में कराएं, चाहे दिसंबर में कराएं, इस बार सत्ता आम आदमी के हाथ में आनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: