2022 के विधान सभा चुनावों में भाजपा पुनः सत्ता में करेगी वापसी

Spread with love

शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार और पार्टी संगठन के बीच बेहतर तालमेल है और यह निश्चित है कि वर्ष 2022 के विधान सभा चुनावों में भाजपा पुनः सत्ता में वापसी करेगी।

मुख्यमंत्री शिमला से हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन, राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन सचिव, पार्टी पदाधिकारियों और वर्ष 2017 के विधान सभा चुनावों के भाजपा प्रत्याशियों के साथ वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा को अविनाश राय खन्ना और संजय टंडन के राजनैतिक अनुभवों का भरपूर लाभ मिलेगा, जो वरिष्ठ भाजपा नेता हैं और संगठन की बारीकियों को भली-भांति समझते हैं।

ये दोनों नेता प्रदेश के राजनैतिक परिदृश्य से अवगत हैं और प्रदेश के कई भाजपा नेताओं से परिचित भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी का मुख्य लक्ष्य राज्य में भाजपा सरकार का मिशन रिपीट है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ई-विस्तारक योजना राज्य में पार्टी के आधार को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्तमान सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने जा रही है।

यह कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। सत्ता की बागडोर संभालते ही सरकार ने बिना आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठाने की आयु सीमा 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष की, जिससे लाखों वृद्धजन लाभान्वित हुए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 1.38 लाख परिवार केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना से लाभान्वित हुए हैं, जबकि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना का लाभ 2.80 लाख से अधिक परिवारों को मिला है।

हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है, जहां प्रत्येक घर में एलपीजी कनेक्शन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाईन-1100 और जनमंच जैसी पहल प्रदेशवासियों की समस्याओं के समाधान में कारगर सिद्ध हुई हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना शुरू की है और अभी तक 1.11 लाख लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। सहारा योजना के अंतर्गत उन परिवारों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिनका कोई सदस्य किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित है।

इस योजना से लगभग 10 हजार परिवारों को राहत मिल चुकी है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने की दिशा में सहायक साबित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में शिमला में एक सादा लेकिन शानदार समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है।

भाजपा ने न केवल चारों संसदीय सीटों पर जीत दर्ज की, बल्कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल कर रिकाॅर्ड भी बनाया है। इसके अतिरिक्त भाजपा ने दोनों उप चुनावों में भी विजय प्राप्त की। यह सब पार्टी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से संभव हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: