शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 13 अक्टूबर (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन पहले उनके जन्मदिवस 23 जून, 2025 को प्रस्तावित था, किंतु हिमाचल प्रदेश में आई भीषण वर्षा व प्राकृतिक आपदा तथा राज्य में हुई जान-माल की भारी क्षति को देखते हुए, ट्रस्ट सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया था।
राजा वीरभद्र सिंह की परंपरा का सम्मान करते हुए, फाउंडेशन ने इस आपदा के समय राहत कार्यों में अपना योगदान देते हुए 11 लाख की राशि उपायुक्त मंडी को उन बच्चों की शिक्षा के लिए अर्पित की, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया।
अब कांग्रेस उच्च कमान की सहमति तथा प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से यह आयोजन 13 अक्टूबर के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी स्वास्थ्य अनुमत हुआ तो वह भी इस आयोजन में सम्मिलित होंगी।
