राष्ट्रीय परिषद के लिए 8 ने भरा नामांकन और 8 हुए पदेन
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत पार्टी प्रदेश मुख्यालय दीप कमल चक्कर में पार्टी की नामांकन प्रक्रिया 12 बजे प्रारंभ हुई और 2 बजे संपन्न हुई। यह जानकारी भाजपा के चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज द्वारा दी गई।
डॉ राजीव भारद्वाज ने बताया कि इस नामांकन प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह उपस्थित रहे।
उनके साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा एवं सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उनके साथ सह चुनाव अधिकारी के रूप में संजीव कटवाल एवं डॉ राजीव सहजल कार्यरत रहे।
राजीव भारद्वाज ने पूरी चुनाव प्रक्रिया के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन के लिए डॉ राजीव बिंदल के एक ही नाम के तीन सेट प्राप्त हुए।
इनका अनुमोदन क्रमशः जयराम ठाकुर नेता प्रतिपक्ष और समस्त विधायक दल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, समस्त लोकसभा और राज्यसभा के सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश पदाधिकारी ने किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 2 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त हुआ। इससे राजीव बिंदल का एक बार फिर से भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय हो गया है। इसकी औपचारिक घोषणा कल की जाएगी।
डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सभी सांसद जिसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य निर्वाचित किए गए हैं।
भाजपा के चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान राष्ट्रीय परिषद के सदस्य के लिए आठ नामांकन प्राप्त हुए।
इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, महामंत्री त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ राजीव सहजल एवं संजीव कटवाल रहे।
