शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक दिल्ली में संपन्न हुई जिसमें देश के सभी राज्यों के अध्यक्ष व संगठन मंत्री राज्यों के प्रभारी व राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश के गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बैठक की अध्यक्षता की और मार्गदर्शन किया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब का कल्याण व गरीब का विकास ही हमारे जीवन का लक्ष्य होना चाहिए। भारत के गरीबों का संपूर्ण विकास करते हुए हमें राष्ट्र का विकास करना है, यह लक्ष्य निर्धारित किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमें देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ना है और यह गति अब नहीं रुकनी चाहिए।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के 10 साल राष्ट्र निर्माण के 10 साल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमें 2004 से 2014 के कांग्रेस के शासन और 2014 से 2024 के मोदी शासन की तुलना करनी चाहिए। मोदी सरकार के कारण जहां देश की सीमाएं सुरक्षित हुई वही आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई। जहां विश्व में भारत की ख्याति मजबूत हुई वही देश का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जहां देश ने आर्थिक प्रगति की वहीं किसान को समृद्ध करने के लिए प्रत्येक किसान को आर्थिक मदद पहुंचाई और उसके उत्पाद का दाम अधिक मिले, ऐसी व्यवस्था की गई।
गरीब कल्याण के, आर्थिक विकास के, देश की सुरक्षा के, आधारभूत ढांचे के विकास के, भ्रष्टाचार मुक्त शासन के यह सभी वर्ष देश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे इसलिए पीएम मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना देश की जरूरत है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जे पी नड्डा ने कहा कि देश के चार वर्ग गरीब, महिला, युवा व किसान, इनका विकास करते हुए देश को दुनिया की महाशक्ति बनाना है इसके लिए भाजपा पूरी ताकत के साथ जुट जाए।
तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत ने यह स्पष्ट कर दिया कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि हम सब नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए लगातार काम करें।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा चारों लोकसभा सीटों को रिकॉर्ड मार्जिन से जीतेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गारंटीयों के मामले में बैकफुट पर है। जनता पूछ रही है सुक्खू भाई 10 गारंटीयां कीथे पाई। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 22.50 लाख महिलाओं से हर महीने 1500 रु देने का वादा किया था और इस निर्णय को पहली कैबिनेट में स्वीकृति प्रदान होनी थी।
संजय टंडन ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग के 68 मण्डल कार्यालय हैं तथा 9 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र ऐसे हैं जिसमें जल शक्ति विभाग के मण्डल कार्यालय नहीं है।
प्रदेश में पच्छाद, सुजानपुर, जयसिहपुर, नदौन, श्री नैना देवी जी, सराज, कसौली तथा कांगडा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में पूर्व सरकार द्वारा जल शक्ति विभाग के 8 मण्डल खोले गये थे, जिन्हें वर्तमान सरकार द्वारा डीनोटिफाई किया गया है।
