शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर आज सामूहिक हड़ताल पर हैं। प्रदेश में 2500 से ऊपर डॉक्टर आज सामूहिक कैज़ुअल छुट्टी पर चले गए हैं।
चिकित्सक एनपीए ( नॉन प्रैक्टिसिंग अलाउंस ) के बंद करने से रुष्ट हैं। गत वर्ष भी एनपीए को लेकर डॉक्टर स्ट्राइक पर गए थे, पर तब सीएम के आश्वासन के बाद वह काम पर लौट गए थे।
इनका एनपीए अभी तक बहाल नहीं हुआ है। इसी के मद्देनजर पहले डॉक्टरों ने कुछ दिनों तक काले बिल्ले लगाकर काम किया, फिर 3 घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक भी की।
आज डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर चले गए। उनके अवकाश पर जाने से मरीजों को बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ लोगों को तो पता नहीं था कि आज डॉक्टर छुट्टी पर हैं। जब वह अस्पताल पहुंचे तब उनको मायूसी ही हाथ लगी।
बहुत से मरीजों को तो निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा। वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी डॉक्टर देखने नहीं आ रहे।
कल शिवरात्रि की छुट्टी है जिसकी वजह से मरीजों की परेशानी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
आज कैबिनेट की बैठक है। चिकित्सकों की उम्मीद पर आज सरकार कोई फैसला ले सकती है।
