140 वर्षों में कांग्रेस ने देश को परिवारवाद, विभाजन और तुष्टीकरण के दिए जख्म, आज भी वही मानसिकता प्रदेश को पहुंचा रही नुकसान : डॉ राजीव बिंदल

Spread with love

सरकाघाट। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी के 140 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी का श्रेय लेने वाली कांग्रेस ने वास्तव में देश को सबसे अधिक नुकसान पहुँचाया है।

मोहनदास करमचंद गांधी, लाल–बाल–पाल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री की कांग्रेस को नेहरू–गांधी परिवार ने समाप्त कर दिया और देश पर परिवारवाद की कांग्रेस थोप दी। आज की कांग्रेस केवल स्वार्थवाद, अवसरवाद और सत्ता बचाने की राजनीति तक सीमित रह गई है।

डॉ बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने निहित स्वार्थों के लिए भारत माता के विभाजन जैसा महापाप किया, जिससे लाखों लोग बेघर हुए, हजारों माताओं–बहनों का सुहाग उजड़ा और देश को धर्म के आधार पर बांट दिया गया।

कश्मीर समस्या को जन्म देकर कांग्रेस ने भारत के सिर पर कैंसर जैसा घाव दिया, धारा 370 और 35ए लगाकर कश्मीर को देश से अलग-थलग किया गया और इसके कारण हजारों सैनिकों को बलिदान देना पड़ा तथा लाखों कश्मीरी हिंदुओं को पलायन झेलना पड़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए संविधान में 70 से अधिक संशोधन किए, आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की, लाखों लोगों को जेलों में डाला और देश की सनातन संस्कृति पर आघात किया।

भारत के महापुरुषों के योगदान को दबाया गया, इतिहास को तोड़–मरोड़कर प्रस्तुत किया गया और तुष्टीकरण की राजनीति के लिए भारत की संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों को नीचा दिखाया गया। यही मानसिकता आज भी कांग्रेस की पहचान है, जिसका खामियाजा हिमाचल प्रदेश की जनता भुगत रही है।

डॉ बिंदल ने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य ठप पड़े हैं।

जनता की समस्याओं की अनदेखी करते हुए एक के बाद एक जनविरोधी फैसले लिए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी लगातार आवाज बुलंद कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी खोई हुई सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है, जबकि कांग्रेस आज भी अतीत की गलतियों को ढकने के लिए भ्रम फैलाने में जुटी है।

इसी वैचारिक संघर्ष के तहत सेवा ही संगठन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए आज सरकाघाट में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ स्थानीय जनसमस्याओं पर भी गंभीर मंथन किया गया।

डॉ. बिंदल ने बताया कि बैठक में विधायक दलीप ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला प्रभारी तिलक राज, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ वंदना जगी, जिला अध्यक्ष हीरा लाल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र भुट्टो, महिला मोर्चा अध्यक्षा नीलम परमार, जिला महामंत्री ओम प्रकाश, मंडल अध्यक्ष पवन ठाकुर, मंडल महामंत्री, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत–अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा संगठन जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: